भास्कर न्यूज | जालंधर नगर निगम के मुलाजिमों ने एक बार फिर सोमवार को मांगों को लेकर कचरे की लिफ्टिंग नहीं की। बीते छह महीने में मुलाजिमों की यह चौथी हड़ताल है। इस वजह से शहर की सात मेन डंप साइट्स से कचरा न उठने से गंदगी फैली रही। प्लाजा चौक पर कचरा सड़क तक फैला रहा। इस कारण राहगीर समेत वहां से गुजरने वाले वाहन चालक भी बदबू से परेशान रहे। यूनियन ने मंगलवार को भी कचरे की लिफ्टिंग न करने का फैसला किया है। जिक्रयोग है कि निगम में ड्राइवर एवं जेसीबी ऑपरेटर यूनियन के बैनर तले 5 दिन से काम बंद धरना चल रहा है। यूनियन ने 15 साल से अधिक पुराने जेसीबी ऑपरेटरों को नियमित करने, ड्राइवरों को वरिष्ठता के हिसाब से और ड्राइवर बने सफाई सेवकों को पदोन्नत करने की मांग की है। इस मौके पर िनगम ड्राइवर एंड जेसीबी ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष अनिल सभ्रवाल ने कहा कि जेसीबी ऑपरेटरों ने पांच दिन से काम बंद कर रखा है और धरने दे रहे हैं। बावजूद अधिकारी मांगों की अनदेखी कर रहे हैं। इसलिए मुलाजिमों ने कचरे की लिफ्टिंग बंद की है। मंगलवार को मेयर के साथ मुलाजिमों की मीटिंग होगी। इसके बाद आगे की रणनीति तय होगी। यहां फैला है कचरा नकोदर चौक, टीवी सेंटर, आदर्श नगर, प्लाजा चौक, ट्रांसपोर्ट नगर, बर्ल्टन पार्क, पटेल चौक के नजदीक।


