जेसीबी से तोड़ा 50 लाख की जमीन पर बना अतिक्रमण:अशोकनगर में कन्या विद्यालय की भूमि पर कर लिया था अवैध निर्माण

अशोकनगर जिले के ईसागढ़ स्थित सुभाष कॉलोनी में कन्या विद्यालय की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटा दिया गया है। सोमवार को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से अवैध रूप से बनाई गई पत्थरों की बाउंड्री और कच्चे निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई कलेक्टर आदित्य सिंह के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी त्रिलोचन गौड़ के निर्देशन में की गई। ईसागढ़ तहसील के सर्वे क्रमांक 880/1/2 पर स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की भूमि पर यह अतिक्रमण था। अतिक्रमणकर्ता राजकुमार सेन और ख्यालीराम कुशवाह ने लगभग 2000 वर्गफुट भूमि पर कब्जा कर रखा था। इस भूमि का बाजार मूल्य लगभग 50 लाख रुपये आंका गया है। बेस कीमती जमीन पर अतिक्रमण किए जाने की जानकारी प्रशासन को लगी तो त्वरित कार्यवाही की गई। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार रोहित रघुवंशी, नायब तहसीलदार ऋतु परमार, सीएमओ ईसागढ़, पटवारी संजीव शर्मा और नगरपालिका की टीम मौके पर मौजूद रही। टीम ने मिलकर अतिक्रमण युक्त संरचना को हटाकर शासकीय भूमि को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *