जैसलमेर से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली के रामलीला मैदान पर रविवार (14 दिसंबर) को वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली में हिस्सा लेंगे। शनिवार को कार्यकर्ता बसों से दिल्ली के लिए रवाना हुए। दल का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने कहा- यह दल लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए दिल्ली की ओर रवाना हुआ है। दल के साथ कांग्रेस अध्यक्ष अमरदीन फकीर, पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद, पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव व पूर्व जिला प्रमुख अब्दुल्ला फकीर जिला कांग्रेस कार्यालय जैसलमेर से रवाना हुए। कांग्रेस कार्यालय से हुए रवाना जैसलमेर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से रवाना होते समय कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आक्रोश व्यक्त किया। पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद व पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव ने इस मौके पर कहा- जैसलमेर के कार्यकर्ताओं में महारैली को लेकर भारी उत्साह है। वे लोकतंत्र को बचाने की इस लड़ाई में अपनी पूरी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। दोनों ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ और ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए। सरकार का तानाशाही रवैया बर्दाश्त नहीं- जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरदीन फकीर ने कहा-वर्तमान केंद्र सरकार ने देश के लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना के साथ खिलवाड़ किया है। जनता के मत का अपमान कर सत्ता में बने रहना किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। कांग्रेस हमेशा से देश की लोकतांत्रिक मर्यादाओं की संरक्षक रही है। हम इस तानाशाही रवैये को बर्दाश्त नहीं करेंगे। जैसलमेर के सैकड़ों कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे। यह महारैली केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि पूरे देश की जनता की आवाज़ बनेगी, जो लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक मजबूत और स्पष्ट संदेश देगी।


