जैसलमेर में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। जहां एक ओर लगातार दूसरे दिन आसमान साफ रहने और तेज धूप खिलने से कड़ाके की ठंड से आंशिक राहत मिली है, वहीं रात का तापमान अब भी सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है। बुधवार को दिन के पारे में 3 डिग्री सेल्सियस का उछाल दर्ज किया गया, जिससे अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री तक जा पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार, जैसलमेर में इन दिनों दिन और रात के तापमान का अंतर काफी ज्यादा बना हुआ है। दिन का पारा भले ही सामान्य से ऊपर चला गया हो, लेकिन रात का न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से 4.9 डिग्री नीचे चल रहा है। दिन और रात के बीच करीब 20 डिग्री सेल्सियस का यह भारी अंतर लोगों की सेहत के लिए भी चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है, इसलिए आमजन को गर्म कपड़ों का साथ नहीं छोड़ना चाहिए अन्यथा मौसमी बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। ग्रामीण इलाकों में शीतलहर, अलाव का सहारा शहर के मुकाबले ग्रामीण और खुले इलाकों के साथ साथ नहरी इलाकों में सर्दी का असर अधिक है। दूध सप्लाई करने वाले, मोटरसाइकिल चालक और दुकानदार भारी गर्म कपड़ों और अलाव के सहारे सुबह की ठंड काट रहे हैं। वहीं सूर्यास्त होते ही सर्द हवाएं चलने से लोग जल्दी घरों में दुबकने को मजबूर हैं। दोपहर में रौनक, शाम को सन्नाटा मौसम में आए इस बदलाव का असर पर्यटन स्थलों पर भी दिख रहा है। दोपहर की सुनहरी धूप का आनंद लेने के लिए गड़ीसर झील और अन्य स्मारकों पर पर्यटकों की अच्छी भीड़ उमड़ रही है। सैलानी धूप के बीच नौकायन का लुत्फ उठा रहे हैं, लेकिन शाम होते ही कड़ाके की ठंड के कारण बाजारों और पर्यटन स्थलों पर आवाजाही कम हो जाती है। मौसम का मिला-जुला असर फिलहाल जारी रहेगा मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहने की संभावना है। दिन की धूप और तीखी होगी, लेकिन उत्तरी हवाओं के असर से रात के तापमान में विशेष बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है। सर्दी का यह मिला-जुला असर फिलहाल जारी रहेगा।


