जैसलमेर में मंगलवार को मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, जिसके चलते सूर्यदेव के दर्शन दुर्लभ हो गए। बादलों की ओट और सीमावर्ती क्षेत्र से आ रही कड़ाके की ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लोग सुबह देर तक रजाईयों में दुबके नजर आए, वहीं बाजार और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। जयपुर मौसम केंद्र द्वारा जारी ताजा चेतावनी के अनुसार, जैसलमेर सहित प्रदेश के कई जिलों में मौसम बिगड़ने की संभावना है। विभाग ने जैसलमेर के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए हल्की बारिश और मेघगर्जन की चेतावनी दी है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज ठंडी हवाएं चल सकती हैं। कंपकंपी छूटी, अलाव का सहारा मंगलवार सुबह से चल रही बर्फीली हवाओं ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी है। दिन का तापमान गिरने से ठिठुरन में जबरदस्त इजाफा हुआ है। लोग सर्दी से बचने के लिए जगह-जगह अलाव तापते नजर आ रहे हैं। पर्यटन स्थल हों या स्थानीय चौक-चौराहों, हर तरफ लोग गर्म कपड़ों और चाय की चुस्कियों के सहारे ठंड को मात देने की कोशिश कर रहे हैं। मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए आमजन को सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार जैसलमेर जिले में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज ठंडी हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने आमजन को मेघगर्जन या बिजली कड़कने के समय सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की सलाह दी है। साथ ही बताया – पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, क्योंकि तेज हवाओं में टहनियां गिरने का डर रहता है। खराब मौसम के दौरान बिजली के उपकरणों के प्लग निकाल दें।


