‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ के तहत सीमा सुरक्षा बल ( BSF) के क्षेत्रिय मुख्यालय जैसलमेर (उत्तर) की 38वीं बटालियन के द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत BSF के अधिकारियों एवं जवानों ने जैसलमेर के ऐतिहासिक गडीसर झील एवं इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में सफाई कर स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के महत्व का संदेश दिया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यवाहक कमांडेंट इंद्रेश कुमार यादव के नेतृत्व में 38वीं बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाये रखने का संकल्प लिया। गड़ीसर लेक को चमकाया
BSF जवानों ने अपने हाथों से गड़ीसर झील और आसपास के क्षेत्र की सफाई कर प्लास्टिक, गंदगी एवं अपशिष्ट पदार्थों को हटाया और मौजूद नागरिकों को भी स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान के दौरान उपस्थित लोगों को यह प्रेरणादायक संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक जिम्मेदारी नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण में नागरिक कर्तव्य है। देश की रक्षा के साथ स्वच्छता का सन्देश
कार्यवाहक कमांडेंट इंद्रेश कुमार यादव ने इस अवसर पर कहा ‘स्वच्छ भारत अभियान का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढियों को एक स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण प्रदान करना है। सीमा सुरक्षा बल न केवल देश की सीमाओं की सुरक्षा करता है बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए भी सदैव तत्पर रहता है।” इस पहल का उद्देश्य समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढाना और लोगों को साफ-सफाई के कार्यों में भाग लेने के लिए प्रेरित करना है। BSF के इस प्रयास की स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की। सीमा सुरक्षा बल सदैव देश समाज और प्रकृति की रक्षा के लिए तत्पर है।


