जैसलमेर जिले जेठवाई इलाके में विंडमिल की सुरक्षा में लगे गार्डों पर जानलेवा हमला करने और बिजली के उपकरणों को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी अभिषेक शिवहरे के निर्देश पर पुलिस थाना सदर जैसलमेर की टीम ने इस मामले में फरार चल रहे आरोपी रावलसिंह (27) निवासी, जोधपुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य आरोपियों की भी तलाश लगातार जारी है। गार्डों पर हमला कर तार काटे पुलिस के अनुसार यह घटना 3 जून 2025 की रात की है। जेठवाई निवासी कानाराम पुत्र सुरताराम, जो सुजलॉन कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता है, ने पुलिस थाना सदर जैसलमेर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि जेठवाई क्षेत्र में स्थित विंडमिल और बिजली संयंत्रों के पास देर रात एक बिना नंबर की पिकअप और बोलेरो कैंपर गाड़ी आई थी। इन गाड़ियों में सवार करीब 5 से 7 लोग अचानक वहां पहुंचे और सुरक्षा में तैनात गार्डों को गाड़ी से टक्कर मारने की कोशिश की। इसके बाद बदमाशों ने गार्डों को जान से मारने की नीयत से हथियारों से हमला कर दिया। गार्डों पर हमला करने के बाद बदमाशों ने बिजली संयंत्रों के आइसोलेटर तोड़ दिए और तांबे की तारें काटकर नुकसान पहुंचाया। विशेष टीम बनाकर पकड़ा इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गार्डों की जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया। साथ ही क्षेत्र में बिजली सप्लाई बाधित होने का भी खतरा बना। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जिला पुलिस अधीक्षक के आदेश पर एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस थाना सदर जैसलमेर के थानाधिकारी प्रेमदान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार दबिश दी और मुखबिरों से सूचना जुटाई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने इस मामले में वांछित आरोपी रावलसिंह पुत्र विजयसिंह को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी रावलसिंह (27 वर्ष) निवासी नाथडाउ, पुलिस थाना चौमु, जिला जोधपुर का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी तलाश जारी है।


