जोधपुर| शहर के इवेंट, टैंट, डेकोरेशन, साउंड और कैटरिंग कारोबार में बड़े पैमाने पर जीएसटी चोरी के इनपुट के बाद बुधवार सुबह जीएसटी इंटेलिजेंस डायरेक्टरेट (डीजीजीआई) की जयपुर से आई टीमों ने एक साथ बड़ी कार्रवाई की। शहर के 8 से अधिक प्रमुख ठिकानों पर छापेमारी कर दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच शुरू की गई है। विभागीय सूत्रों का मानना है कि इस कार्रवाई में करोड़ों रुपए की जीएसटी चोरी का खुलासा हो सकता है। डीजीजीआई की रडार पर जोधपुर के कई बड़े और चर्चित इवेंट कारोबारियों के नाम हैं। कार्रवाई के दौरान कंप्यूटर सिस्टम, हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव, डायरियां और कच्चे बिल जब्त कर खंगाले जा रहे हैं।


