जोधपुर पुलिस ने हॉस्टल से मोबाइल फोन और लैपटॉप चोरी करने के मामले में एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब 2 हजार किलोमीटर दूर तमिलनाडु से ट्रेन के जरिए चोरी करने के लिए देश के अलग-अलग शहरों में जाता था। आरोपी के कब्जे से 23 मोबाइल और लैपटॉप भी बरामद किए गए हैं। जब्त सामान का बाजार मूल्य करीब 7 लाख रुपए आंका गया है। महामंदिर थाना पुलिस ने आरोपी गोपाल पेरूमल (45) निवासी उदयराज पालम, काठपाड़ी थाना आंबूर जिला वेल्लूर तमिलनाडु को गिरफ्तार किया। आरोपी को जोधपुर रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी तमिलनाडु से ट्रेन के माध्यम से रवाना होकर भारत में चोरी के लिए घूमता रहता था। खासतौर पर रेलवे स्टेशन के आसपास सो रहे यात्रियों, सार्वजनिक स्थान, होटल, हॉस्टलों मेले और जुलूस में मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देता है। आरोपी चोरी हुए कीमती माल को सस्ते दामों में बेचकर ट्रेन के जरिए अपने राज्य में वापस चला जाता था। आरोपी के खिलाफ महामंदिर थाने में 27 सितंबर को सेकेंड ग्रेड टीचर ने मामला दर्ज करवाया था। इसमें राजेंद्र सिंह बेड़ा ने बताया कि वह अपने मित्र के साथ मानजी का हत्था स्थित एक JK बॉयज हॉस्टल में रुका था। रात्रि विश्राम के बाद सुबह उठकर देखा तो हॉस्टल में उसका मोबाइल फोन और लैपटॉप गायब मिले। हॉस्टल के कई अन्य लड़कों के भी मोबाइल गायब हो गए थे। इस पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को जोधपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपने राज्य में ट्रेन से फरार होने की फिराक में था।


