जोधपुर पोलो एंड इक्वेस्ट्रियन इंस्टीट्यूट, जोधपुर की ओर से चल रहे 26वें जोधपुर पोलो सीजन-2025 में शनिवार को खेले गए लो गोल (आउट ऑफ दी हैट) टूर्नामेंट के फाइनल में महरानगढ़ टीम ने बालसमंद टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया। महरानगढ़ ने बालसमंद को 18-6.5 गोल से मात दी। बालसमंद टीम के खिलाफ महरानगढ़ टीम के स्ट्राइकर धनंजयसिंह राठौड़ ने अकेले 9 गोल दागे, जबकि साथी खिलाड़ी शुभम गुप्ता ने 7 गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। मैच के दौरान पोलो संरक्षक पूर्व सांसद गजसिंह जी भी मैदान में मौजूद रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को कप व ट्रॉफियां प्रदान की। मुकाबले से पहले और बीच में महरानगढ़ बैंड तथा नाइन प्लेयड आर्मी पाइप वन मद्रास इंफैन्ट्री बैंड ने सुमधुर धुनों से माहौल को और भी रोमांचक बना दिया। मैच के पहले चक्कर में धनंजयसिंह ने 2, दूसरे में 3 और तीसरे में लगातार 4 गोल कर विरोधी टीम को पीछे छोड़ दिया। वहीं शुभम गुप्ता ने पहले चक्कर में 3, तीसरे में 1 और चौथे में लगातार 3 गोल किए। टीम के यशोवर्धन ने तीसरे और चौथे चक्कर में एक-एक गोल किया। बालसमंद टीम की ओर से योगेश्वर सिंह, महेन्द्र सिंह और प्राक्रम सिंह ने दो-दो गोल किए, लेकिन अंतर बहुत बड़ा बन चुका था। रविवार से शुरू होगी प्रतियोगिता मानद सचिव इंद्रजीत सिंह नाथावत ने बताया रविवार 14 दिसंबर से उम्मेद भवन पैलेस कप (4 गोल) टूर्नामेंट की शुरुआत होगी, जो 17 दिसंबर तक चलेगा। इस मुकाबले में 6 टीमें भाग ले रही हैं। पहले दिन दो मैच होंगे। पहला मैच सरदार समंद और आर्चर टीम के बीच दोपहर 3 बजे, दूसरा मैच बालसमंद और मेयो कॉलेज टीम के बीच शाम 4 बजे खेला जाएगा।


