जोधपुर के गंगाणा के महादेव नगर में एक प्लॉट को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। प्लॉट को लेकर पाकिस्तान विस्थापित एक भील परिवार और मुस्लिम समुदाय के एक व्यक्ति अपना -अपना दावा जताया। इससे एक बार तनाव की स्थिति बनी लेकिन पुलिस- प्रशासन ने मौके पर पहुंच स्थिति को संभाल लिया। बोरानाडा थाना थानाधिकारी शकील अहमद ने बताया कि बोरानाडा कि गंगाणा में पप्पु खां के नाम से एक प्लॉट का पट्टा बना हुआ था और इसका दस साल से कब्जा चला आ रहा था। इसके पास में ही विस्थापित नागरिक नागजीराम रहते हैं जो कह रहे हैं कि इस पर हमारा कब्जा है। पट्टे के आधार पर तहसीलदार, पटवारी जमीन का सीमांकन करवा दिया। आज पाक विस्थापित नागरिक द्वारा प्लॉट पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश करके मामले को शांत किया गया। झंवर तहसीलदार के नेतृत्व में एक समिति गठित की गई है। समिति इसकी दस्तावेजों की जांच करके प्लॉट की पैमाइश करेगी। 2015 में भारत आया था पाक विस्थापित वहीं, इस प्लट पर अपना दावा जता रहे पाक विस्थापित नागरिक नागजी राम ने बताया कि वह वर्ष 2015 में पाकिस्तान से भारत आए थे और तब से वर्तमान स्थान भील बस्ती महादेव नगर में अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। नागजी के मुताबिक वह 2015 से अपने परिवार के साथ दो प्लॉटों पर झुग्गी–झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। साल 2017 में गंगाना गांव में रहने वाले सेतु खान और पप्पू खान पुत्र चांद खान उस स्थान पर अपना दावा किया। उन्होंने कहा कि उन दो प्लॉटों में से एक प्लॉट उनका है। जब उनसे पूछा कि इस प्लॉट के संबंध में उनके पास क्या सबूत है, तो उन्होंने कहा कि उनके पास पंचायती पट्टा है, लेकिन वे कोई पट्टा प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद वे जोधपुर में रहने वाले कुछ किन्नरों को साथ ले आए और कहने लगे कि उस प्लॉट का पट्टा किन्नरों के नाम पर है और वह जमीन किन्नरों की है। इस संबंध में पुलिस थाना बोरानाडा द्वारा नागजी और किन्नरों को थाने बुलाया गया और किन्नरों से पट्टा चेक किया गया, जो जांच में झूठा निकला। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने किन्नरों को वहां से भगा दिया और नागजी राम को उस स्थान पर किसी भी प्रकार का निर्माण न करने के लिए पाबंद कर दिया।
नागजी राम के अनुसार कुछ सामान और खंडे उस प्लॉट पर पड़े हुए थे। पुलिस के कहने पर और पुलिस की पाबंदी के चलते अपनी झुग्गी–झोपड़ी उस प्लॉट से हटा ली और पास वाले प्लॉट पर झुग्गी बनाकर अपने परिवार सहित रहने लगे। पुलिस ने किया पाबंद मौके पर मौजूद पाक विस्थापित भील समाज के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार भील ने बताया कि सेतु खान और पप्पू खान प्लॉट पर कब्जे का दावा किया और वहां निर्माण कार्य शुरू करने लगे। जब उन्हें निर्माण रोकने के लिए कहा तो सेतु खान और पप्पू खान ने अपने परिचितों को बुला लिया, जिससे वहां भीड़ एकत्र हो गई और लड़ाई–झगड़े की स्थिति उत्पन्न हो गई। भीड़ को देखकर नागजी राम की बस्ती के लोग भी इकट्ठा हो गए और स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को पाबंद किया कि जब तक इस मामले में कोई अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, तब तक कोई भी व्यक्ति उस प्लॉट पर किसी भी प्रकार का निर्माण, कब्जा या जमावड़ा नहीं करेगा।


