जोधपुर के महाराजा गजसिंह स्पोर्ट्स फाउंडेशन पोलो ग्राउंड पर बुधवार को खेले गए लो गोल (आउट ऑफ द हैट) टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में बालसमन्द टीम ने मेहरानगढ़ को रोमांचक अंदाज में 7–6 से मात दी। मैच आखिरी चक्कर तक टक्कर भरा रहा। मैच में बालसमन्द के योगेश्वर सिंह भांवरी और मेहरानगढ़ के शुभम गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन किया। योगेश्वर सिंह ने पहले और दूसरे चक्करों में मिलाकर कुल चार गोल दागे, जबकि टीम के प्राक्रम सिंह ने तीन गोल कर टीम की जीत पक्की की। वहीं, मेहरानगढ़ की ओर से शुभम गुप्ता ने पहले, तीसरे और अंतिम चक्कर में कुल तीन गोल किए। धनंजय सिंह राठौड़ ने दो और यशवर्धन सिंह ने एक गोल जोड़ा, लेकिन टीम एक गोल से पीछे रह गई। जोधपुर पोलो के संरक्षक पूर्व सांसद गजसिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मैच से पहले और बीच में मेहरानगढ़ आर्मी मैकेनाइज्ड बैंड ने अपनी सुमधुर धुनों से दर्शकों को झूमा दिया। मैच का संचालन अम्पायर मयूरध्वज तलाबगांव ने किया। मानद सचिव इन्द्रजीत सिंह नाथावत ने बताया, लो गोल (आउट ऑफ द हैट) टूर्नामेंट में कुल चार टीमें खेल रही हैं। जिसमें पूल ‘ए’ में बालसमन्द व मेहरानगढ़, जबकि पूल ‘बी’ में मेयो कॉलेज व सरदार समंद टीम है। अगला मुकाबला गुरुवार दोपहर 3.30 बजे मेयो कॉलेज व सरदार समंद के बीच खेला जाएगा।


