जोधपुर ग्रामीण पुलिस की ओसियां थाने की टीम ने क्षेत्र के तापू इलाके में एक सूने मकान के दरवाजे, खिड़कियां चुराने वाले बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसके बताए ठिकाने से पुलिस ने चुराया गया सामान भी बरामद किया है। सामान चुरा कर पिकअप में डालकर भागे थे डीआईजी सह एसपी (जोधपुर रूरल) राममूर्ति जोशी ने बताया कि ओसियां के तापू निवासी खींयाराम राव पुत्र सूरजाराम ने ओसियां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें उसने बताया – वह अपने परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश में रहकर मजदूरी करता है। तापू गांव में उसके मकान पर ताला लगा था। 24 मार्च की रात को अज्ञात बदमाशों ने उसके घर के मैन गेट के साथ रसोई व कमरों के दरवाजे, चार खिड़कियां व अन्य घरेलू सामान चुराकर पिकअप में डाल ले गए। वारदात के अगली सुबह गांव के लोगों से उसे फोन पर जानकारी मिली, तो 26 मार्च को वह गांव आया। CCTV से पकड़ में आए चोर इस वारदात का खुलासा करने के लिए ओसियां थानाधिकारी राजेंद्र चौधरी की अगुवाई में विशेष टीम गठित की गई। इसमें एएसआई रामप्रकाश, कॉन्स्टेबल देवाराम, भाकरराम, आशाराम, शिवराम, धनाराम, जालाराम को शामिल किया गया। टीम ने कई दिनों की मशक्कत में घटना स्थल और आसपास विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी खंगाले, तो उसमें तापू के ही जाटा बास निवासी हरुण खां पुत्र भीखे खां की कारस्तानी नजर आई। इसी आधार पुलिस टीम ने हरुण खां (35) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उससे पूछताछ कर उसके बताए ठिकाने से चुराया गए सभी दरवाजे-खिड़कियां व अन्य सामान भी बरामद कर लिया। वारदात में शामिल उसके साथी बदमाश तापू निवासी हीराराम वाल्मिकी पुत्र सोहनलाल की पुलिस तलाश कर रही है।


