जोधपुर में हिट एंड रन का मामला:तेज रफ्तार कार ने मां के साथ जा रही 5 साल की मासूम को टक्कर मारी, उछलकर 25 फीट दूर गिरी

जोधपुर शहर के एयरफोर्स इलाके के अरविंद नगर में दिल दहला देने वाला हिट एंड रन का मामला सामने आया है। जहां मां के साथ पैदल जा रही मासूम बच्ची को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी, कि बच्ची उछल कर करीब 25 फीट दूर जाकर गिरी। हादसे के बाद भी चालक रुकने की बजाय कार तेज रफ्तार से भगा ले गया। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अरविंद नगर निवासी हिमांशु गुर्जर की पत्नी मंगलवार शाम के समय अपनी पांच साल की बेटी जैश्नवी के साथ सैंट्रल स्कूल स्कीम रोड की तरफ पैदल ही जा रही थी। इसी दौरान ये दोनों जैसे ही सड़क किनारे पहुंची, तभी सामने से तेज रफ्तार से आई एक कार के चालक ने जैश्नवी को टक्कर मारकर उछाल दिया। मैन रोड पर शाम 6:37 बजे हुई इस घटना से बच्ची की मां चीख पड़ी और दौड़ते हुए करीब 25 फीट दूर गिरी बेटी को संभाला। घटना के बाद लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, तभी एक टैक्सी चालक यहां पहुंचा और घायल बच्ची को उसकी मां के साथ हॉस्पिटल ले गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद एयरपोर्ट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल कार और उसके मालिक की तलाश में जुट गई। हालांकि, पुलिस ने देर रात को कार जब्त कर ली। उसके चालक की तलाश की जा रही है। एमडीएमएच में भर्ती मासूम की हालत नाजुक कार की टक्कर से घायल जैश्नवी को मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। घटना के संबंध में एयरपोर्ट पुलिस जांच में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *