जोधपुर में हवाई सेवाएं प्रभावित होने और नियमित ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने जोधपुर से हावड़ा के बीच एक ट्रिप के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 7 दिसंबर, रविवार को जोधपुर से हावड़ा के लिए रवाना होगी ताकि यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिल सके। जोधपुर से हावड़ा तक समय व रूट जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 04809 जोधपुर-हावड़ा स्पेशल (एक ट्रिप) रविवार शाम 5:30 बजे जोधपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन मंगलवार सुबह 5 बजे हावड़ा पहुंचेगी, यानी करीब साढ़े 35 घंटे का सफर तय करेगी। सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार, जोधपुर से रवाना होने के बाद स्पेशल ट्रेन पीपाड़ रोड, गोटन, मेड़ता रोड, रेन, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नावां सिटी, फुलेरा, जयपुर, गांधी नगर जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, अछनेरा, ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, प्रयागराज, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भबुआ रोड, सासाराम, गया जंक्शन, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, वर्धमान और बंडेल स्टेशनों पर ठहरेगी। कोच स्ट्रक्चर और सुविधाएं यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेन में 1 एसी फर्स्ट क्लास मय सेकंड एसी, 2 सेकंड एसी, 7 एसी थ्री टियर, 6 स्लीपर, 3 जनरल कोच और 2 एसएलआर (गार्ड डिब्बे) सहित कुल 21 कोच लगाए गए हैं। इससे लंबी दूरी के मुसाफिरों को विभिन्न श्रेणियों में यात्रा करने का विकल्प मिलेगा। रेलवे प्रशासन का कहना है कि हवाई सेवाओं के रद्द होने के कारण जो यात्री रेल मार्ग पर शिफ्ट हुए हैं, उनके दबाव को देखते हुए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन चलाना जरूरी हो गया था। चूरू–सादुलपुर रेलखंड पर दोहरीकरण, ट्रेनें रद्द इधर, सुगम रेल संचालन के लिए बीकानेर मंडल के चूरू-सादुलपुर रेलखण्ड पर चूरू-आसलू-दुधवाखारा स्टेशनों के बीच दोहरीकरण कार्य चल रहा है। इस दोहरीकरण के लिए ऑटोमेटिक सिग्नलिंग ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके चलते कुछ रेलसेवाएं अस्थायी रूप से रद्द रहेंगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार भावनगर टर्मिनस-हरिद्वार-भावनगर टर्मिनस रेलसेवा मार्ग परिवर्तन के स्थान पर अब रद्द रहेगी। गाड़ी संख्या 19271 भावनगर टर्मिनस-हरिद्वार रेलसेवा 19 और 22 जनवरी 2026 को रद्द रहेगी, जबकि गाड़ी संख्या 19272 हरिद्वार-भावनगर टर्मिनस रेलसेवा 21 व 24 जनवरी 2026 को नहीं चलेगी।


