जोनल कमिश्नर रोज सेल्फी के साथ भेजेंगे रिपोर्ट, गंदगी फैलाने वालों के होंगे चालान

शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और जमीनी स्तर पर जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से नगर निगम लुधियाना ने कड़े एक्शन का प्लान बनाया है। स्थानीय सरकार विभाग पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मंगलवार को समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया गया कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके तहत सभी जोनल कमिश्नरों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निगम कमिश्नर ने भी वीसी के बाद सभी जोनल कमिश्नरों को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई के आदेश देते हुए कहा गया है कि सफाई कार्य की दैनिक रिपोर्ट फोटो सहित तैयार कर हस्ताक्षरित पीडीएफ के रूप में उच्च अधिकारियों को भेजी जाए ताकि कार्य की वास्तविक स्थिति की निगरानी हो सके। साथ ही सभी जोनल कमिश्नर अपने-अपने एरिया में उन खाली प्लॉट्स की भी सूची बनाकर दें, जहां पर गंदगी के ढेर लग रहे हैं, उन खाली प्लॉट के मालिकों को नोटिस जारी करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं। फील्ड में कर्मचारियों की हाजिरी सुनिश्चित हो नगर निगम ने सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए भी सख्त मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया है। संयुक्त कमिश्नर (स्वास्थ्य) द्वारा हाजिरी जांच का विस्तृत शेड्यूल जारी किया जाएगा। इसके तहत सफाई सेवकों से लेकर सीएसआई और सीएसओ तक की उपस्थिति की नियमित जांच होगी। सफाई सेवकों की हाजिरी लंबरदार द्वारा, लंबरदार की एसआई द्वारा, एसआई की सीएसआई द्वारा और सीएसआई की सीएसओ द्वारा जांच की जाएगी। इस बहु-स्तरीय व्यवस्था का उद्देश्य जिम्मेदारी तय करना और फील्ड में कर्मचारियों की वास्तविक उपस्थिति सुनिश्चित करना है। अन्य शाखाओं के स्टाफ की भी रोस्टर के अनुसार नियमित जांच की जाएगी। सभी जोनल कमिश्नरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा करें। रेहड़ी-फड़ी लगाकर व खाली प्लॉट्स में गंदगी फैलाने पर मिलेगा नोटिस शहर में जगह-जगह रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों को भी सफाई नियमों का पालन करने के लिए सख्त हिदायत दी गई हैं। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी। संबंधित जोनल कमिश्नरों को अपने क्षेत्र में नियमित निरीक्षण कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अलावा शहर में खड़ी कंडम और अनुपयोगी गाड़ियों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। तहबाजारी शाखा के नोडल अधिकारी को इस संबंध में विशेष अभियान चलाकर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से ऐसी गाड़ियों को हटाने की जिम्मेदारी दी गई है। आदेश : सड़कों पर खड़े कंडम वाहन और अवैध कब्जे हटाए जाएं जवाबदेही होगी तय: आदेश की प्रतियां मेयर, कमिश्नर, अतिरिक्त कमिश्नर, संयुक्त कमिश्नर, जोनल कमिश्नर तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई हैं ताकि निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। निगम के इन कदमों से यह स्पष्ट संकेत गया है कि अब सफाई व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *