आलीराजपुर जिले के जोबट नगर में रविवार को एक युवती को मजदूरी दिलाने का झांसा देकर उसके साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत करने और ‘लव जिहाद’ के तहत फंसाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में देर शाम तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि जोबट निवासी इमरान याकूब, अहमद शेख (पिता हुसैन शेख) और अमजद खत्री उसे काम दिलाने के बहाने वार्ड नंबर 11 स्थित एक मकान में ले गए। वहां उसके साथ दबाव डालकर गलत हरकत की गई और विरोध करने पर डराया-धमकाया गया। वार्ड की महिलाओं ने युवती को सुरक्षित बाहर निकाला घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड की कुछ महिलाएं मौके पर पहुंचीं। उन्होंने युवती को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद युवती को थाने ले जाया गया। थाना जोबट पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर एससी-एसटी एक्ट, धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं एक अन्य आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है। घटना के बाद क्षेत्र की कई महिलाएं थाने पहुंचीं। उन्होंने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने कहा कि ऐसे मामलों पर सख्त कदम उठाना आवश्यक है ताकि समाज में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।


