ज्वेलरी की दुकान में चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार:सरदार गैंग के बदमाश मेहसाणा गुजरात से पकड़े गए

सिरोही कोतवाली पुलिस ने सदर बाजार में सोने-चांदी की दुकान में हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने ‘सरदार गैंग’ के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी गुजरात के मेहसाणा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। इस खुलासे में स्वरूपगंज पुलिस का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सिरोही एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने बताया कि सदर बाजार स्थित सोने-चांदी की दुकान के मालिक ने 17 दिसंबर को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार 16 दिसंबर की रात 8:20 बजे दुकान बंद कर मालिक घर गया था। अगले दिन सुबह उसे दुकान के ताले टूटे होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर शटर और ताले टूटे हुए पाए गए, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और जिले भर में नाकाबंदी शुरू करवाई। रिपोर्ट में बताया गया कि दुकान से लगभग 18 किलोग्राम चांदी के जेवरात, 260 ग्राम सोने के जेवरात और 20 हजार रुपए नकद चोरी हुए थे। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने दुकान से लेकर स्वरूपगंज तक के सभी होटलों और ढाबों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को लगातार सुराग मिलते रहे, जिससे जांच आगे बढ़ी। स्वरूपगंज पुलिस के सहयोग से कोतवाली पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस ने तीन आरोपियों को सतलासना, बड़नगर से और एक आरोपी को वडोदरा, गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान खेरालू जिला मेहसाणा गुजरात निवासी तूफान सिंह उर्फ दीपक सिंह पुत्र गुरबचन सिंह, 32 बालाजी रेजिडेंसी सोसाइटी सटल सन पुलिस थाना सटल सन जिला मेहसाणा गुजरात निवासी लाखन सिंह पुत्र कृपाल सिंह, पिठोरी दरवाजा सेवर वादा वडनगर जिला मेहसाणा गुजरात निवासी माया सिंह पुत्र कृपाल सिंह और बड़नगर मेहसाणा निवासी सतपाल सिंह पुत्र कृपाल सिंह को गिरफ्तार किया। सिरोही एसपी ने बताया कि आरोपियों ने पहले ज्वेलरी की दुकान व मकान की रेकी की। उसके बाद वारदात के दिन वाहन को दूर छोड़कर मोटरसाइकिल या कार की चोरी कर आगे ले जाकर छोड़ देते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *