गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बुधुडीह बाजार स्थित श्री दुर्गा ज्वेलर्स एंड बर्तन दुकान में बीती रात लाखों की चोरी हुई। चोर दुकान से लगभग पांच किलो चांदी, करीब 80 ग्राम सोना, नगद रुपए और भारी मात्रा में कांसा और पीतल के बर्तन ले गए। दुकान के संचालक मनोज सिंह को सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला। उन्होंने बताया कि चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से दुकान की टीना का एस्बेस्टस हटाकर भीतर प्रवेश किया। इस घटना में उन्हें लगभग 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही अहिल्यापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकान का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चोरी में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं और चोरों को घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति की जानकारी थी। स्थानीय व्यापारियों ने बाजार में रात की पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। अहिल्यापुर थाना प्रभारी गुलाम गौस ने बताया कि चोरी की घटना हुई है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


