बहरोड़ में तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़ी कार को टक्कर मारी और पास खड़े ज्वेलर को 200 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में ज्वेलर की मौत हो गई। हादसा गुरुवार-शुक्रवार की रात 2.15 बजे जयपुर दिल्ली नेशनल हाईवे पर ट्रक यूनियन ऑफिस के सामने हुआ। मृतक ज्वेलर की आज शुक्रवार 28 नवंबर को शादी की एनिवर्सरी है। हादसे से पहले मृतक की पत्नी ने सोशल मीडिया पर एनिवर्सरी विश करने का पोस्ट डाला था। तीन दोस्तों के साथ आए थे बहरोड़ बहरोड़ थाने के एएसआई दिलीप कुमार ने बताया- दिल्ली के ज्वालापुरी निवासी गौरव वर्मा (38) पुत्र राकेश वर्मा अपने तीन दोस्तों राहुल, रविंद्र और शालू के साथ बहरोड़ में एक शादी में शामिल होने आए थे। शादी में शामिल होने के बाद चारों कार से दिल्ली लौट रहे थे। ट्रक यूनियन ऑफिस के पास टॉयलेट करने के लिए कार रोकी। गौरव कार के पास ही था और उसके तीनों दोस्त कार से कुछ दूरी पर टॉयलेट कर रहे थे। इसी दौरान पत्थरों से भरे एक तेज रफ्तार डंपर पीछे से आया कार को टक्कर मार दी। डंपर ने गौरव को चपेट में ले लिया। गौरव डंपर के पीछे के टायरों के एक्सेल के पास फंस गया। डंपर उसे करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ उपवन सोसायटी तक ले गया। कार और बाइक सवार ने डंपर को रुकवाया घटना के बाद तीनों दोस्त चिल्लाते हुए दौड़े, इसी दौरान एक कार और बाइक सवार ने तुरंत डंपर के आगे गाड़ी लगाकर उसे रुकवाया। तीनों ने गौरव को डंपर के नीचे से निकाला और अपने साथ अन्य गाड़ियों में शादी में आए परिवार के लोगों को फोन कर तुरंत घटना स्थल पर बुलाया। गौरव को 108 एम्बुलेंस की सहायता से राजकीय विशंभर दयाल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पत्नी ने पोस्ट किया था-“हैप्पी वेडिंग एनिवर्सरी माय लव” गौरव के भाई जीतू वर्मा ने बताया- आज 28 नवंबर को गौरव की शादी की 15वीं सालगिरह थी। उसकी पत्नी खुश्बू वर्मा ने कुछ ही समय पहले अपने फेसबुक अकाउंट पर हैप्पी वेडिंग एनिवर्सरी माय लव लिखकर पोस्ट किया था। लेकिन उसे इस बात का अंदेशा भी न था कि उसके पति की जिंदगी कुछ ही पलों में खत्म हो चुकी है। गौरव पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर का था। गौरव के 2 बेटे यूवी (12) मितांश (10) है। गौरव निहाल विहार, नांगलोई में ज्वेलरी की दुकान करता था। ड्राइवर हिरासत में, मामला दर्ज पुलिस ने हरियाणा नंबर के डंपर को जब्त कर लिया है, साथ ही ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। डंपर कोटपूतली से पत्थर लेकर गुरुग्राम जा रहा था। डंपर के पीछे नंबर प्लेट नहीं थी। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। बड़े भाई जीतू ने थाने में डंपर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।


