भरतपुर जिले के नदबई थाना इलाके में 17 दिसंबर को ज्वेलर से लूट मामले को लेकर व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारी गुरुवार सुबह एसपी ऑफिस पहुंच गए। उन्होंने पुलिस पर जांच में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। एसपी ऑफिस पहुंचे व्यापारियों ने कहा- नदबई के ज्वेलर जितेंद्र से हुई लूट के बाद पुलिस मामले की जांच में लापरवाही बरत रही है। घटना के 9 दिन बाद भी पुलिस आरोपियों का सुराग नहीं लगा सकी है। एसपी मृदुल कच्छावा से मुलाकात की है। प्रशासन से मांग है कि जल्द से जल्द लूट की वारदात का खुलासा किया जाए। बाइक सवार बदमाशों ने की थी वारदात बता दें कि 17 दिसंबर को बाइक सवार 2 बदमाश नदबई के ज्वेलर जितेंद्र सोनी से 15 लाख की ज्वेलरी और 50 हजार कैश लूटकर फरार हो गए थे। जितेंद्र दुकान से स्कूटी पर घर लौट रहा था। कुम्हेर रोड पर पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाश जितेंद्र को गाली देने लगे और रुकने को कहा। जितेंद्र रुका तो स्कूटी की चाबी निकाल ली। एक आरोपी ने जितेंद्र के सिर पर लोहे के हथियार से हमला किया। इसके बाद स्कूटी की डिग्गी से बैग निकालकर फरार हो गए। जितेंद्र ने शोर मचाया तो जुटे लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। बैग में ज्वेलरी, कैश और बहीखाते थे।


