झपकी बनी मौत की वजह, पोल से टकराई बाइक, पत्नी और बच्चे बचे

भास्कर न्यूज़ | कोडरमा कोडरमा–जयनगर मुख्य मार्ग पर पांडेयडीह पेट्रोल पंप के समीप सोमवार को हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और डेढ़ साल का मासूम बच्चा चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बच गए। मृतक की पहचान मरकच्चो प्रखंड अंतर्गत जम्मू पंचायत के कोसडीहरा निवासी भागीरथ यादव (30 वर्ष) के रूप में हुई है।मिली जानकारी के अनुसार भागीरथ यादव अपनी पत्नी और बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से कोडरमा सदर अस्पताल जा रहे थे। उनकी साली का हाल ही में सदर अस्पताल में प्रसव हुआ था, उसी को देखने के लिए वे घर से निकले थे। जैसे ही उनकी बाइक पांडेयडीह पेट्रोल पंप के पास पहुंची, अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि हेलमेट पहने होने के बावजूद भागीरथ यादव के सिर में गंभीर चोट आई और हेलमेट भी क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह वाहन चलाते समय झपकी आना बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि भागीरथ यादव पेशे से जेसीबी चालक थे और बाहर रहकर काम करते थे। हाल ही में चाचा के निधन के कारण वे घर आए थे। रविवार की रात चाचा की बारहवीं थी, जिसमें शामिल होने के कारण वे पूरी रात जागे रहे। सुबह थकान के बावजूद पत्नी और बच्चे के साथ अस्पताल निकल पड़े, जो उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *