झांसी में ढाई लाख रुपए की शराब चोरी:दीवार तोड़कर दुकान में घुसे चोर, फ्रिज पर बैठकर बियर पी, महंगी बोतलों के साथ कैमरों का DVR भी ले गए

झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। चित्रा चौराहा के पास स्थित एक अंग्रेजी शराब की दुकान को सोमवार देर रात बेखौफ चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब ढाई लाख रुपए कीमत की ब्रांडेड शराब चोरी कर ली। उन्होंने वारदात से पहले दुकान के अंदर शराब भी पी। अब पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है। दो तस्वीरों में देखें घटनास्थल… चोर दुकान की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसे। अंदर दाखिल होने के बाद उन्होंने पहले दुकान में रखे फ्रिज पर बैठकर शराब पी। इसके बाद महंगी और ब्रांडेड शराब की पेटियां उठाकर ले गए। वारदात के दौरान चोरों ने किसी भी तरह की पहचान सामने न आने देने के लिए दुकान में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों से जुड़ा डीवीआर को भी अपने साथ ले लिया। दुकान के सेल्समैन हरिओम ने बताया कि वह सोमवार रात करीब 10 बजे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान की पिछली दीवार टूटी हुई मिली। अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए, शराब की कई पेटियां गायब थीं और सीसीटीवी का डीवीआर भी नहीं था। इसके बाद उन्होंने तुरंत सीपरी बाजार थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि, डीवीआर चोरी हो जाने के कारण पुलिस के सामने चोरों की पहचान एक बड़ी चुनौती बन गई है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि चित्रा चौराहा जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह की वारदात होना पुलिस की गश्त पर सवाल खड़े करता है। क्षेत्रवासियों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। बिजली विभाग का कैश काउंटर भी खंगाला सीपरी बाजार से चित्रा चौराहा जाने वाले रास्ते पर रेलवे ब्रिज के नीचे अंग्रेजी शराब की दुकान के बगल में बिजली विभाग का बिल भुगतान केंद्र भी संचालित है। बेखौफ बदमाशों ने यहां भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि कैश काउंटर पर उन्हें ज्यादा नकदी हाथ नहीं लगी, लेकिन चोर यहां से कंप्यूटर सिस्टम और पैसे गिनने वाली मशीन चोरी कर ले गए। एक ही रात में दो जगह को निशाना बनाए जाने से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। केवल ब्रांडेड शराब ही चुराई शराब की दुकान और बिजली बिल भुगतान केंद्र सीपरी बाजार से इलाइट चौराहा जाने वाले मेन रोड पर स्थित हैं। इसके बावजूद अपराधियों ने पूरी बेखौफ होकर दीवार तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने पहले दुकान में शराब पी, फिर 5 से 10 हजार रुपये कीमत की महंगी शराब की बोतलें ही चोरी कीं। दुकान के सेल्समैन के मुताबिक, चोर चुनिंदा और महंगी ब्रांड की बोतलें ही उठाकर ले गए और आसानी से फरार हो गए। सेल्समैन ने बताया कि पहले भी यहां दो बार चोरी हो चुकी है। लेकिन उसमें 5-10 हजार रुपए का माल ही गया था। इस बार चोरों ने बड़ा नुकसान किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *