झांसी में पूर्व मंत्री के स्कूल में प्रिंसिपल की बाइक की टक्कर लगने से मौत हो गई। बाइक इतनी तेज रफ्तार में थी कि प्रिंसिपल टक्कर लगने से 10 फीट दूर जाकर गिरे। वह झांसी-कानपुर हाइवे बने हॉस्पिटल अपने एक परिचित से मिलने जा रहे थे। घटना नवाबाद थाना क्षेत्र के हाइवे पर हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। झांसी के प्रेमननगर थाना क्षेत्र के तलैया मोहल्ले के रहने वाले 65 साल के सीताराम अहिरवार पुत्र बलई अहिरवार बहुजन समाज पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री रतन लाल अहिरवार के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर इंटर कॉलेज पुनावली में प्रिंसिपल हैं। सोमवार को वह स्कूल से घर नहीं लौटे और सीधे नवाबाद थाना क्षेत्र के झांसी-कानपुर हाइवे पर बने एक नर्सिंग होम में भर्ती अपने परिचित से मिलने चले गए। सीताराम अहिरवार भांजे विनय ने जानकारी देते हुए बताया कि मामा जब सुशीला हॉस्पिटल के पास रोड क्रॉस कर रहे थे तो इसी दौरान एक बाइक सवार बहुत तेज रफ्तार में आया और मामा को टक्कर मार दी। यहां राहगीरों ने पुलिस और एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें आनन फानन में मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ये पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पांच साल से स्कूल संभाल रहे थे मृतक प्रिंसिपल सीताराम अहिरवार पूर्व मंत्री के स्कूल में पिछले पांच साल से प्रिंसिपल थे। उनकी दो बेटी पिंकी और प्रीति हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। वह अपनी पत्नी के साथ नगरा के तलैया मोहल्ले में रहते हैं। यहां पिता की मौत की खबर सुनकर उनकी बेटियों का रो रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।


