झांसी में मैरिज एनिवर्सरी के दिन युवक की मौत:काम पर जाते वक्त बाइक से आमने-सामने टक्कर, 4 साल पहले हुई थी शादी

झांसी में शादी की चौथी सालगिरह के दिन ही एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। घर से काम के लिए निकला युवक लौटकर नहीं आया, बल्कि उसकी मौत की खबर ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। हादसा सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के आरी गांव के पास हुआ। मध्य प्रदेश के दतिया जिले के उन्नाव बालाजी गांव का रहने वाला 27 वर्षीय ओमप्रकाश कुशवाहा, पुत्र कालका प्रसाद, झांसी के भोजला स्थित कृषि मंडी में पल्लेदार का काम करता था। सोमवार की रात वह रोज़ की तरह मंडी में आए अनाज के बोरों को शिफ्ट करने के लिए घर से निकला था। जब वह सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के आरी गांव के पास बने बस स्टॉप के नजदीक पहुंचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ओमप्रकाश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में हुई मौत
हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बाइक सवारों को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान ओमप्रकाश की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। 4 साल पहले हुई थी शादी
ओमप्रकाश की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। 20 जनवरी को उसकी शादी की चौथी सालगिरह थी। जिस दिन घर में खुशियां मनाई जानी थीं, उसी दिन चिता की तैयारी करनी पड़ी। ओमप्रकाश की दो साल की मासूम बेटी गुल्लो है, जो अब हमेशा के लिए पिता की गोद से वंचित हो गई। वहीं उसकी पत्नी कविता तीन महीने की गर्भवती है। पति की मौत की खबर मिलते ही कविता बेसुध हो गई। घर में गम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *