झांसी शहर से जुलाई में शिफ्ट होगी मुर्गा-मछली मंडी:मेयर ने भगवंतपुरा में भूमि पूजन कर दी सौगात, बोले- बीच शहर में गंदगी फैल रही थी

झांसी शहर की मुर्गा-मछली मंडी को जुलाई महीने में शिफ्ट कर दिया जाएगा। बुधवार को झांसी के मेयर बिहारी लाल आर्य और नगर आयुक्त आकांक्षा राणा ने भगवंतपुरा स्थित नगर निगम की जमीन पर बन रही नई मुर्गा-मछली मंडी का विधिवत भूमि पूजन किया। 2 तस्वीरों में देखें भूमि पूजन कार्यक्रम… इस मौके पर मेयर बिहारी लाल आर्य ने कहा कि झांसी उत्तर प्रदेश के स्वच्छता सर्वेक्षण में फिलहाल 17वें स्थान पर है, लेकिन नगर निगम का लक्ष्य झांसी को प्रदेश में नंबर-1 बनाना है। उन्होंने बताया कि शहर में सड़कों के चौड़ीकरण के साथ-साथ अन्य विकास कार्य भी तेजी से कराए जा रहे हैं। गौरतलब है कि वर्तमान में मुर्गा-मछली मंडी डडियापुरा क्षेत्र में संचालित हो रही है। आसपास रिहायशी इलाकों के कारण दुर्गंध से स्थानीय लोग लंबे समय से परेशान थे। इसे लेकर मंडी को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग लगातार उठाई जा रही थी।इसी मांग के अनुरूप अब भगवंतपुरा में नई मंडी का निर्माण कराया जा रहा है। नगर निगम के अनुसार यहां अब तक 55 दुकानें बन चुकी हैं, जबकि 10 दुकानें अभी निर्माणाधीन हैं। मंडी के शुरू होने से शहरवासियों को दुर्गंध की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। ट्रक-लोडर भी बन गए परेशानी बता दें कि झांसी शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में से एक बस स्टैंड से नारायणबाग जाने वाले रास्ते पर मुर्गा-मछली की थोक मंडी है। यहां कर्नाटक, आन्ध्र प्रदेश, तमिलनाडु समेत दिल्ली और मुम्बई से बड़ी गाड़ियां भी आती हैं। यहीं इनकी लोडिंग-अनलोडिंग होती है। ऐसे में भीड़भाड़ होने के चलते व्यापारी भी परेशान रहते थे। हालांकि, नई मंडी शहर से बाहर होने के चलते व्यापारियो को लगभग 10 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *