हरदा जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ा के भीलटोला में सोमवार सुबह करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान झाबुआ निवासी 20 वर्षीय विजेश पिता परम भील के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शाम को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि विजेश तीन दिन पहले अपनी मां धुली बाई और ससुर के साथ भाई के रिश्ते की बात करने यहां आया था। परिवार लड़की पक्ष को राशि देने और रिश्ता तय करने के लिए आया था। विजेश गुजरात में मजदूरी करता था और इसी काम से छुट्टी लेकर घर आया था। वह छह भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। परिवार ने बताया कि रविवार रात से ही विजेश घर नहीं लौटा था, जबकि सोमवार को उन्हें झाबुआ वापस जाना था। सुबह करीब 10 बजे उसका शव मामा मंगू के खेत के पास मिला। करंट लगने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा तैयार किया और शव को जिला अस्पताल भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


