झाबुआ शहर के चंद्रशेखर आजाद मार्ग पर गुरुवार रात कटलरी व्यापारी के साथ सरेआम मारपीट की घटना सामने आई। फरियादी मनीष सिंह चौहान अपनी दुकान पर थे, तभी कार सवार युवकों ने बाइक हटाने की बात पर उन पर हमला कर दिया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। पीड़ित ने कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि घटना गुरुवार रात करीब 8:40 बजे की है, जब वे अपनी दुकान पर काम कर रहे थे। इसी दौरान कार क्रमांक (GJ18BA4983) में सवार करडावद बड़ी निवासी रवि डामोर अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा। गाली-गलौज के बाद कार से उतरकर व्यापारी से मारपीट आरोपियों ने दुकान के सामने खड़ी बाइकों को हटाने की बात पर विवाद शुरू किया। पीड़ित ने जब कहा कि ‘गाड़ियां मेरी नहीं हैं’, तो आरोपी आक्रोशित हो गए। उन्होंने अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया और विरोध करने पर कार से उतरकर पीड़ित पर ताबड़तोड़ मुक्कों से हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित के सिर, मुंह, गले और आंखों के पास गंभीर चोटें आई हैं। शोर सुनकर स्थानीय निवासी बीच-बचाव करने पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। जाते समय हमलावरों ने व्यापारी को जान से मारने की धमकी दी और कहा कि यदि दोबारा दुकान के सामने वाहन खड़े मिले तो उसे खत्म कर देंगे। इस दौरान पीड़ित का मोबाइल भी गिर गया। बाबेल चौराहे पर नशे में धुत चालक ने मचाया हंगामा बताया जा रहा है कि इस वारदात से पहले एक अन्य कार के चालक ने बाबेल चौराहे पर शराब के नशे में हंगामा मचाया था। उसने बेकाबू गति से वाहन चलाते हुए अन्य गाड़ियों को टक्कर मारी थी। हंगामे की सूचना मिलने पर यातायात सूबेदार कमल मिंदल ने वाहन को जब्त कर थाने खड़ा करवाया है। फिलहाल, कोतवाली पुलिस ने कटलरी व्यापारी पर हमले के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


