झाबुआ में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय महाविद्यालय के मैदान पर आयोजित किया गया। जिला कलेक्टर नेहा मीना (आईएएस) ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान के साथ तिरंगा फहराया गया। कलेक्टर ने इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा। उन्होंने जिलेवासियों को सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं और भविष्य के संकल्पों से अवगत कराया। समारोह में पुलिस और सशस्त्र बलों की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। स्कूली विद्यार्थियों ने शारीरिक व्यायाम (पी.टी.) का प्रदर्शन किया, जिसके बाद देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जिले के विभिन्न विभागों ने विकास कार्यों और शासन की योजनाओं को दर्शाती झांकियां निकालीं। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय झाबुआ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झाबुआ को द्वितीय और इंदौर पब्लिक स्कूल झाबुआ को तृतीय स्थान मिला। सांत्वना पुरस्कार अंकुरम इंटरनेशनल स्कूल, शासकीय बालक उमावि रातितलाई, शासकीय कन्या महाविद्यालय झाबुआ और पीएम श्री कन्या उमावि झाबुआ के बैंड दल को दिए गए। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह, जिला पंचायत सीईओ जितेंद्र सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित थे। तस्वीरें देखिए…


