रविवार को झाबुआ जिले में कृषि रथ अभियान की शुरुआत की गई। जिला मुख्यालय स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किसानों को दिखाया गया। मंत्री ने दिखाई हरी झंडी कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कृषि रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 11 जनवरी 2026 से शुरू होकर एक माह तक जिले के सभी छह विकासखंडों में चलेगा। इसके तहत छह कृषि रथ रोजाना तीन-तीन ग्राम पंचायतों में जाएंगे। 375 ग्राम पंचायतों तक पहुंचेगा अभियान पूरे जिले की 375 ग्राम पंचायतों तक पहुंचने के लिए प्रशासन ने रूट चार्ट तैयार किया है। कृषि रथों के माध्यम से कृषि वैज्ञानिक और विभागीय अधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों को खेती से जुड़ी नई और आसान तकनीकों की जानकारी देंगे। महिला किसानों पर रहेगा विशेष ध्यान मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य किसानों के घर तक पहुंचकर उन्हें आधुनिक खेती के तरीकों की जानकारी देना है। उन्होंने बताया कि महिला किसानों को खास तौर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे खेती में और अधिक सक्षम बन सकें। ई-टोकन से मिलेगा खाद वितरण में लाभ जिला अध्यक्ष भानु भूरिया ने सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब ई-टोकन व्यवस्था के तहत खाद का वितरण किया जा रहा है, जिससे किसानों को लंबी लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा और मोबाइल पर ही खाद की जानकारी मिल सकेगी। वैज्ञानिकों और किसानों के बीच सीधा संवाद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेंद्र सिंह और उप संचालक कृषि नगीन सिंह रावत ने बताया कि यह अभियान वैज्ञानिकों और किसानों को सीधे जोड़ने का काम करेगा। इससे किसानों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जा सकेगा। जनप्रतिनिधि और किसान रहे मौजूद कार्यक्रम में बहादुर सिंह हटिला, हारुभाई, मांगीलाल भूरिया सहित कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में किसानों की मौजूदगी में ‘कृषक कल्याण वर्ष’ और कृषि रथ अभियान की शुरुआत की गई।


