झाबुआ वन मंडल ने अवैध खैर लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। बुधवार को वन विभाग ने खैर की लकड़ी के 110 नगों से भरी एक पिकअप जब्त की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। विभाग ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की है। वाहन चेकिंग के दौरान विभाग ने जब्त पकड़ी खैर लकड़ी वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पेटलावद के बीटगार्ड को खैर की लकड़ी के अवैध परिवहन की सटीक सूचना मिली थी। इस पर वन परिक्षेत्राधिकारी पेटलावद ने तुरंत एक विशेष गश्ती और चेकिंग दल का गठन किया। सुबह लगभग 05:25 बजे, बावड़ी-पेटलावद पक्का मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप (MP45 ZF 3048) आती दिखी। वन अमले ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और उसकी जांच की। अवैध लकड़ी के साथ वाहन भी जब्त तलाशी लेने पर वाहन में खैर प्रजाति की 110 नग गीली लकड़ी भरी पाई गई। वाहन चालक आदिल (पिता जरीन खान, निवासी अंतराय, जिला धार) से जब परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज या अनुज्ञा पत्र (टीपी) मांगा गया, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। जब्त की गई वनोपज में खैर की 110 नग गीली लकड़ी शामिल है। इसके साथ ही महिंद्रा बोलेरो पिकअप (MP 45 ZF 3048) को भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदिल पिता जरीन खान, निवासी धार के रूप में हुई है। आरोपी ड्राइवर को भी विभाग ने पकड़ा इस मामले में भारतीय वन अधिनियम 1927 और मध्य प्रदेश अभिवहन (वनोपज) नियम 2022 के तहत अपराध क्रमांक 2097/02 दर्ज किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर वन परिक्षेत्र कार्यालय पेटलावद लाया गया है, जहां उससे पूछताछ जारी है। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को राजसात करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।


