झाबुआ में युवा कांग्रेस ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पत्रकारों से अभद्रता और दूषित पानी के मुद्दे पर सरकार की कार्यप्रणाली के विरोध में किया गया। जिला अध्यक्ष नटवर डोडियार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अपना आक्रोश व्यक्त किया। विरोध का मुख्य कारण मंत्री विजयवर्गीय द्वारा एक पत्रकार से कथित अभद्रता थी। पत्रकार ने दूषित पानी के मुद्दे पर सवाल पूछा था। गौरतलब है कि पीने के पानी की पाइपलाइन में गंदा पानी आने से एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और 200 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए थे। युवा कांग्रेस ने पत्रकारों के साथ इस दुर्व्यवहार को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का अपमान बताया। पुलिस ने पुतला जलाने से रोका प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पुतले जलाने का प्रयास किया। कार्यकर्ताओं ने कुल चार पुतले फूंकने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक झूमाझटकी हुई, जिससे पुतला दहन के सभी प्रयास विफल रहे। पुतला दहन में असफल रहने के बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं धरने पर बैठकर मंत्री और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला अध्यक्ष नटवर डोडियार और अन्य नेताओं ने मांग की कि पत्रकारों से अभद्रता करने वाले मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार दूषित पानी से हुई मौतों की जिम्मेदारी स्वीकार करे। ये हुए प्रदर्शन में शामिल इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व जिला प्रवक्ता अधिवक्ता लोकेंद्र बिलवाल, संगठन मंत्री हेमेन्द्र “बबलू” कटारा, जिला महासचिव इश्तियाक शेख, किलू भूरिया, विधानसभा अध्यक्ष दरियाव सिंगाड़, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश मेडा, रमेश मोहनिया और उपाध्यक्ष अजीत मोहनिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी गुफरान कुरैशी, आदेश भूरिया, पुनीत भानपुरिया, कमलेश बिलवाल, विजेश डामोर, राहुल वड़किया, आईटी सेल से मनोश गुड़िया, रमेश भूरिया और किशोर डामोर भी मौजूद थे।


