झाबुआ जिले के पेटलावद थाना क्षेत्र में एक 8 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। राहगीरों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। यह घटना 11 दिसंबर 2025 की दोपहर करवड़ चौकी के एक गांव में हुई। पीड़िता, जो 8 साल की है, आंगनवाड़ी भवन के पीछे झाड़ियों में थी। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि आरोपी मनोहर बालिका के साथ जबरदस्ती कर रहा था। राहगीरों ने तुरंत आरोपी मनोहर को पकड़ लिया और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। बच्ची के शरीर पर नाखूनों के निशान मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोहर को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा दर्ज FIR (क्रमांक 0491) के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 74 और 75(1)(i) तथा पॉक्सो एक्ट, 2012 की धारा 11/12 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को हिरासत में लिया पेटलावद के प्रभारी एसडीओपी नीरज नामदेव ने इस मामले में कार्रवाई की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। “आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। आरोपी को सख्त सजा दिलाने के लिए मजबूत पैरवी की जाएगी।”


