झाबुआ जिले में कलेक्टर नेहा मीना के मार्गदर्शन में ‘संकल्प से समाधान’ अभियान सक्रियता से चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र नागरिक तक पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पहुंचाना है। यह अभियान 12 जनवरी को शुरू हुआ था और 31 मार्च 2026 तक जारी रहेगा। ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर बनाई विशेष समितियां कलेक्टर नेहा मीना ने जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगरीय वार्ड में विशेष समितियां गठित की हैं। ये समितियां शिविरों के माध्यम से आवेदन एकत्र कर रही हैं और घर-घर जाकर लोगों की समस्याओं और शिकायतों का संकलन भी कर रही हैं। अभियान की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन सी.एम. हेल्पलाइन पोर्टल पर चल रही है, जिससे हर आवेदन की ट्रैकिंग संभव है। ब्लॉक और नगर निकायों से आए 1754 आवेदन अभी तक विभिन्न ब्लॉकों और नगरीय निकायों से कुल 1754 आवेदन प्राप्त हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वाधिक 500 आवेदन पेटलावद ब्लॉक से आए हैं। इसके अलावा मेघनगर से 267, थांदला से 244, झाबुआ से 226, राणापुर से 223 और रामा ब्लॉक से 71 आवेदन मिले हैं। नगरीय निकायों में मेघनगर नगर परिषद से 115, थांदला से 45, झाबुआ नगर पालिका से 27, राणापुर से 21 और पेटलावद नगर परिषद से 15 आवेदन संकलित किए गए हैं। अभियान का प्रथम चरण वर्तमान में चल रहा है, जो 15 फरवरी तक आवेदन संग्रह पर केंद्रित है। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि प्राप्त सभी आवेदन और शिकायतें समय सीमा के भीतर निपटाएं। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सूचना या प्रक्रिया के अभाव में शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।


