भास्कर न्यूज | लातेहार नगर पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरण तेज हो गई हैं। झामुमो उम्मीदवार बिलासी टोपनो को अब कांग्रेस का समर्थन मिल गया है। शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष कामेश्वर यादव ने इसकी घोषणा की। जिला अध्यक्ष ने बताया कि यह निर्णय आलाकमान के निर्देश पर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार को पार्टी का पूर्ण समर्थन रहेगा। साथ ही सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाकर एकजुटता के साथ प्रत्याशी के पक्ष में मैदान में उतरने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस और सहयोगी दलों के एक साथ आने से प्रत्याशी की स्थिति काफी मजबूत हो गई है। वहीं, समर्थित उम्मीदवार बिलासी टोपनो ने कांग्रेस नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें कांग्रेस का सहयोग मिलने से उनका हौसला बढ़ा है। मौके पर विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित यादव, अनीता देवी, गुंजर उरांव फूलचंद यादव, मोती उरांव, साजन कुमार समेत कार्यकर्ता मौजूद थे।


