रांची विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित यूथ फेस्टिवल ‘रुनू-झुनू’ 2025-26 का समापन हुआ, जिसमें स्नातकोत्तर नागपुरी विभाग के छात्रों ने लोक नृत्य प्रतियोगिता के तहत ‘कड़सा नृत्य’ की अद्भुत प्रस्तुति देकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस अवसर पर, रांची विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. धर्मेन्द्र कुमार सिंह और डीएसडब्ल्यू प्रो. सुदेश कुमार साहू ने विजेता नृत्य दल के सभी प्रतिभागियों को गोल्ड मेडल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। स्नातकोत्तर नागपुरी विभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत कड़सा नृत्य की मनमोहक और शानदार प्रस्तुति ने मंच पर उपस्थित सभी दर्शकों और निर्णायक मंडल का मन मोह लिया। अन्य कलात्मक प्रस्तुतियां भी सराहनीय रहीं। परफॉर्मिंग एंड फाइन आर्ट्स विभाग के नृत्य निर्देशन एवं नृत्य शिक्षक विपुल नायक ने स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायक विचारों को नृत्य के माध्यम से जीवंत किया। विपुल नायक ने वंदे मातरम के 150 वर्ष के सफरनामे को भी अपनी प्रस्तुति में शामिल किया, जिसमें सेमेस्टर टू के छात्र प्रीतम कुमार ने उनका सहयोग किया। संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने अपने शिक्षक मनीष कुमार और दीप्ति कुमारी के कुशल मार्गदर्शन में राग भोपाली की शास्त्रीय प्रस्तुति दी।


