झारखंड के लाडले और भारतीय क्रिकेट के दिग्गज महेंद्र सिंह धौनी को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने अपने प्रतिष्ठित हॉल ऑफ फेम में शामिल किया है। सोमवार को लंदन में आयोजित एक भव्य समारोह में आईसीसी ने इसकी घोषणा की। धौनी को ‘खेल के सबसे महान फिनिशर’ और ‘बेजोड़ रणनीतिक कौशल’ वाले नेता के रूप में सम्मानित करते हुए आईसीसी ने कहा कि उनकी उपलब्धियां संख्याओं और आंकड़ों से कहीं बढ़कर हैं। बीसीसीआई ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी है। इन दिग्गजों को भी मिला सम्मान : महेंद्र सिंह धौनी के साथ दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला और ग्रीम स्मिथ, ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन, न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी, पाकिस्तान की सना मीर और इंग्लैंड की सारा टेलर को भी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। धौनी का शानदार करियर 17,266 अंतरराष्ट्रीय रन, 829 शिकार और 538 मैचों के साथ धौनी ने अपने करियर में उत्कृष्टता, स्थिरता और फिटनेस का अनोखा उदाहरण पेश किया। शांतचित्त कप्तानी और दबाव में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए क्रिकेट इतिहास में उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। धौनी ने भारत को 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वनडे वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी के खिताब दिलाए। भारत के 11वें हॉल ऑफ फेमर धौनी आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले भारत के 11वें क्रिकेटर हैं। उनसे पहले कपिल देव, सुनील गावस्कर, बिशन सिंह बेदी (2009), अनिल कुंबले (2015), राहुल द्रविड़ (2018), सचिन तेंदुलकर (2019), वीनू मांकड़ (2021), वीरेंद्र सहवाग (2023), डायना इडुलजी (2023) और नीतू डेविड (2024) को यह सम्मान मिल चुका है।


