झारखंड नगर निकाय चुनाव 2026:48 निकायों में 23 फरवरी को होगी वोटिंग, 27 फरवरी को की जाएगी मतगणना

झारखंड में लंबे समय से लंबित नगर निकाय चुनाव को लेकर बड़ी तस्वीर साफ हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को चुनाव की घोषणा कर दी है। सभी नगर निकायों में 23 फरवरी सोमवार को वोटिंग होगी। 48 निकायों में मतदान एक ही दिन होगा। वहीं, 27 फरवरी को वोटों की गिनती की जाएगी। मतदान सुबह सात बजे से शाम 5 बजे तक होगा। 29 जनवरी से 4 फरवरी तक नामाकंन की तिथि रखी गई है। 5 फरवरी को स्क्रूटनी की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तारिख 6 फरवरी होगी। इसके बाद कैंडिडेट्स को 7 फरवरी को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। ट्रिपल टेस्ट के बाद पहली बार हो रहा निकाय चुनाव
यह नगर निकाय चुनाव कई मायनों में खास है। ट्रिपल टेस्ट पूरा होने के बाद राज्य में पहली बार नगर निकाय चुनाव कराए जा रहे हैं। इन 48 निकायों में 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं। यहां वर्ष 2020 से ही चुनाव लंबित थे। उस समय कोरोना महामारी के कारण सरकार ने निकाय चुनाव स्थगित कर दिए थे। बाद में ओबीसी आरक्षण और ट्रिपल टेस्ट को लेकर निर्णय में देरी होती रही। अंततः हाईकोर्ट के हस्तक्षेप और समय सीमा तय करने के बाद चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ी। इसी बीच राज्यपाल ने विधानसभा के बजट सत्र के कार्यक्रम को भी मंजूरी दे दी है, जिससे सरकार और चुनाव आयोग दोनों के लिए आगे की कार्यवाही का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। चुनावों के नतीजे आने वाले बड़े राजनीतिक मुकाबलों की दिशा तय करेंगे
झारखंड में कुल 48 शहरी स्थानीय निकायों में 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं। इन निकायों के माध्यम से शहरों के विकास, आधारभूत संरचना, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े जनप्रतिनिधियों का चुनाव किया जाएगा। शहरी विकास की दिशा तय करने में इन निकायों की भूमिका बेहद अहम मानी जाती है। माना जा रहा है कि इन चुनावों के नतीजे आने वाले बड़े राजनीतिक मुकाबलों की दिशा तय करेंगे। यही वजह है कि सभी प्रमुख राजनीतिक दल अभी से अपनी रणनीति को धार देने में जुट गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *