उमरिया में चल रही 69वीं राष्ट्रीय शालेय 14 वर्ष बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का आज 6 दिसंबर को समापन होगा। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला झारखंड और पंजाब के बीच दोपहर 12 बजे स्टेडियम ग्राउंड में खेला जाएगा। 1 दिसंबर से शुरू हुई फुटबाल प्रतियोगिता में 33 राज्यों से 697 प्रतिभागी उमरिया पहुंचे थे जिले के चार ग्राउंडों में फुटबॉल मैच आयोजित किया जा रहा था। फाइनल से पहले, तीसरे स्थान के लिए जम्मू-कश्मीर और मणिपुर की टीमें सुबह 10 बजे भिड़ेंगी। कुटीर और ग्रामोद्योग विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल आज उमरिया के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। मंत्री सुबह 10 बजे बिजुरी से प्रस्थान कर दोपहर 12:30 बजे उमरिया पहुंचेंगे। राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल मुख्य अतिथि के तौर पर होंगे शामिल राज्यमंत्री जायसवाल दोपहर 1:30 बजे अमर शहीद स्टेडियम, उमरिया में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता (14 वर्ष बालक वर्ग) के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समापन समारोह में मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की ओर से विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।


