झारखंड महिला कबड्डी टीम बनी 72वीं सीनियर नेशनल उपविजेता:खेल-खिलाड़ी .25 से 28 जुलाई को चंडीगढ़ में हुआ था आयोजन, हरियाणा से हार

सिटी रिपोर्टर | बोकारो झारखंड की महिला कबड्डी टीम ने 72वीं सीनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए उप विजेता का खिताब जीता। प्रतियोगिता 25 से 28 जुलाई तक चंडीगढ़ में आयोजित की गई थी। फाइनल मुकाबले में झारखंड की टीम को हरियाणा के हाथों हार का सामना करना पड़ा, लेकिन खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया। टीम के रांची लौटने पर रेलवे स्टेशन पर झारखंड राज्य कबड्डी संघ और रांची जिला कबड्डी संघ के द्वारा खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान संघ के अध्यक्ष तपन रावत, कोच हरीश कुमार, मैनेजर अंगद सिंह और नीतू नाग के साथ-साथ कई वरिष्ठ खिलाड़ी व पदाधिकारी उपस्थित रहे। खिलाड़ी होंगे सम्मानित विशेष रूप से राष्ट्रीय अंपायर के रूप में शामिल एएम त्रिपाठी रांची, मनोज कुमार शर्मा बोकारो, ज्योति रंजन व छोटे लाल साहू गुमला और दीपिका कुजूर रांची की उपस्थिति में प्रतियोगिता का संचालन शानदार ढंग से किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए झारखंड की खिलाड़ी स्नेहा थापा को महिला वर्ग में बेस्ट कैचर का पुरस्कार प्राप्त हुआ। झारखंड कबड्डी संघ के महासचिव संजय कुमार झा ने जानकारी दी कि उपविजेता झारखंड महिला कबड्डी टीम की सभी खिलाड़ियों को शीघ्र ही राज्य संघ की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *