झारखंड में रविवार को साफ मौसम में रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हालांकि सोमवार से एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 7 और 8 अप्रैल को कई जिलों में बारिश, वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी दी है। इसे लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 अप्रैल से फिर आसमान साफ होने की संभावना है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 7 अप्रैल को गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, गोड्डा, दुमका, पाकुड़ और साहिबगंज में तेज हवा के साथ वज्रपात हो सकता है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 8 अप्रैल को गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला और पश्चिमी सिंहभूम में हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 8 अप्रैल को रांची, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, देवघर और जामताड़ा में बादल छाए रहेंगे। कहीं- कहीं तेज हवा के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात हो सकता है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश हुई तो पारा में हो सकता है बदलाव मौसम विभाग के अनुसार 9 अप्रैल को भी रांची, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, देवघर और जामताड़ा में वज्रपात की संभावना है। पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, बोकारो, धनबाद और जामताड़ा में भी तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम व न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री का बदलाव होने की भी संभावना जताई गई है। मौसम में आए इस बदलाव से अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी, वहीं न्यूनतम तापमान भी कम हो सकता है।


