भारत मौसम विज्ञान विभाग ने झारखंड के सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। रांची स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, 17 जुलाई से लेकर 20 जुलाई तक राज्य में लगातार बारिश होती रहेगी। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। कहीं हल्का तो कहीं भारी बारिश मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान झारखंड के विभिन्न इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा की भी आशंका है। बिजली गिरने की घटनाएं होने की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है, जो संभावित खतरे का संकेत है लेकिन इससे जन-जीवन प्रभावित हो सकता है। उत्तर प्रदेश और बिहार में बना निम्न दबाव का क्षेत्र रांची मौसम केंद्र के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बिहार और उससे सटे पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। अगले 24 घंटे में यह निम्न दबाव क्षेत्र साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगा। इसका प्रभाव झारखंड के मौसम पर भी पड़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून टर्फ इस निम्न दबाव क्षेत्र से गुजर रहा है। इसका केंद्र बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल के पुरुलिया और कोंटाई जिलों से होते हुए बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है। इसी कारण अगले चार दिनों तक झारखंड में रुक-रुक कर वर्षा होती रहेगी। पलामू के चैनपुर में रिकॉर्ड वर्षा बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में लगभग सभी स्थानों पर मानसून सक्रिय रहा। कहीं-कहीं भारी वर्षा भी दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा पलामू के चैनपुर में 204 मिमी मापी गई। वहीं देवघर में 67 मिमी, जमशेदपुर में 64.6 मिमी, चाईबासा में 9 मिमी और रांची में 3 मिमी बारिश हुई है। तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि की संभावना मौसम विभाग ने बताया है कि फिलहाल अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। लेकिन आने वाले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। सरायकेला में सबसे अधिक 34.8 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में सबसे कम 21 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।


