झारखंड में हाथियों का उत्पात जारी है। पिछले 12 घंटे में हाथियों ने सारंडा इलाके में दो लोगों को मार दिया। पहली घटना जराइकेला के गिंडुंग गांव में हुई। वहां घर में घुसकर हाथी ने लक्ष्मण बिरगाम (48) को कुचल दिया। वहीं शनिवार सुबह तेनताई जंगल में लकड़ी चुनने गए समठा निवासी चंदन जाेजो (50) को मार डाला। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे तक हाथी शव के आसपास मंडराता रहा। शाम करीब चार बजे लोग पहुंचे और शव को उठाया। उधर, मांडू प्रखंड के केेदला नगर के हॉस्पिटल काॅलोनी में भी बीती रात हाथी दीवार और दरवाजा तोड़कर पीडीएस दुकान में घुस गया। गुमला में भी दो घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। रामगढ़-रांची फोरलेन पर यातायात रुका
हाथियों का झुंड शनिवार सुबह गांवों से गुजरकर चुटूपालू घाटी पहुंच गया। इसे देखकर हाथियों के झुंड की तलाश कर रही वन विभाग की टीम और वन सुरक्षा समिति ने घाटी में दोनों ओर से यातायात रोक दिया। ललकी घाटी के पास करीब आधे घंटे तक रास्ता रुका रहा। हाथियों के जाने के बाद यातायात बहाल हुआ।


