झारखंड में 10 सितंबर से बदलेगा मौसम का मिजाज:दोपहर बाद बादल और वज्रपात की संभावना, रांची में रातें हुईं ज्यादा उमस भरी

झारखंड में 10 सितंबर से मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से दोपहर बाद कई जिलों में वज्रपात, तेज हवा और हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, इस बारिश से गर्मी से राहत मिलने की संभावना बहुत कम है। फिलहाल मानसून की सक्रियता कमजोर बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी में एक सिस्टम बन रहा है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बेहद कमजोर है और इसका असर केवल छिटपुट बारिश और गरज-चमक तक सीमित रहेगा। गढ़वा सबसे गर्म, रांची में रातें हुईं ज्यादा उमस भरी सोमवार को राज्य का सबसे अधिक तापमान गढ़वा में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। खास बात यह रही कि रांची का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जिससे रात के समय उमस भरी गर्मी महसूस की गई। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री, बोकारो में 34.3 डिग्री और दुमका में 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि राज्य का औसत तापमान सामान्य से करीब 2.3 डिग्री ऊपर चल रहा है। बंगाल की खाड़ी से बने सिस्टम पर नजर मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम 13 सितंबर तक सक्रिय हो सकता है, लेकिन यह बहुत कमजोर रहेगा। इसी कारण राज्य में अच्छी बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में राज्य में औसतन एक से तीन मिलीमीटर बारिश होगी। हालांकि, गढ़वा में 11 मिलीमीटर, पलामू में सात मिलीमीटर और चतरा में 22 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज हो सकती है। पिछले 24 घंटे में मानसून हल्के से मध्यम स्तर पर सक्रिय रहा और कई इलाकों में गरज के साथ बारिश हुई। कोडरमा के चंदवारा में सबसे अधिक 42 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। पांच दिन तक खराब रहेगा मौसम भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र ने झारखंड के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिनों तक पूरे राज्य में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान कई जिलों में तेज हवा चलेगी, जिसकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा तक हो सकती है। साथ ही वज्रपात का भी खतरा बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि इस समय मानसून टर्फ दक्षिण पाकिस्तान से लेकर पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है, जिसके असर से झारखंड में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश देखने को मिलेगी। सोमवार को सबसे अधिक तापमान 36.9 डिग्री सरायकेला में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तोरपा में दर्ज किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *