झारखंड के लोगों को दो दिन की राहत के बाद एक बार फिर भारी बारिश का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में 29 अगस्त से बारिश का नया दौर शुरू होगा। रांची समेत कई जिलों में सामान्य से मध्यम स्तर की बारिश होगी, जबकि कोल्हान और संथाल परगना क्षेत्र में 29 और 30 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने 29 से 31 अगस्त तक राज्यभर में लगातार बारिश का पूर्वानुमान जताया है। बंगाल की खाड़ी से उठा निम्न दबाव मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पश्चिमी उत्तरी तट, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय भाग पर एक निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय हुआ है। यह अगले 48 घंटे के भीतर और मजबूत होकर पश्चिम-उत्तर दिशा की ओर बढ़ेगा। इस सिस्टम के असर से झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश की आशंका है। राजधानी रांची में मंगलवार सुबह बादल छाए रहे और कहीं-कहीं छिटपुट बारिश दर्ज की गई। दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश विभाग ने अनुमान जताया है कि बुधवार और गुरुवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। बादल छंटने के कारण राजधानी रांची में फिलहाल मौसम सामान्य महसूस हो रहा है, लेकिन गुरुवार के बाद एक बार फिर से जोरदार बारिश की स्थिति बनेगी। तापमान में उतार-चढ़ाव लगातार बारिश और बदलते मौसम के बीच राज्य में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। रांची का अधिकतम तापमान मंगलवार को 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में चार डिग्री की बढ़त दर्शाता है। न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री रहा। वहीं, गोड्डा का अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सर्वाधिक रहा। भारी बारिश से गिरेगा पारा मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आगामी दिनों में भारी बारिश होने पर तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। वर्तमान में राज्य के अधिकांश शहरों का तापमान सामान्य बना हुआ है, लेकिन 29 अगस्त के बाद से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। लगातार तीन दिनों तक होने वाली बारिश से सामान्य जीवन प्रभावित हो सकता है और लोगों को एक बार फिर जलजमाव और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।


