झारखंड में भीषण गर्मी से मिल रही राहत अगले 5 दिनों तक जारी रहेगी। पूरे प्रदेश में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश रुक-रुक कर होती रहेगी। दरअसल प्रदेश के मौसम में इस तरह का बदलाव साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि राज्य में लू वाली स्थिति नहीं बनी है। इधर मौसम विभाग में अपने पूर्वानुमान में बताया है कि आज राजधानी रांची सहित प्रदेश के 20 जिलों में आंधी, वज्रपात और मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि के भी संकेत हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग में 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के अतिरिक्त शेष 4 जिले पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी मेघ गर्जन और हल्की बारिश के आसार हैं। इन चार जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। कल 8 जिलों में होगी बारिश मौसम विभाग ने बताया है कि 2 मई को भी रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में आंधी के साथ हुआ वज्रपात और बारिश हो सकती है। ओला भी गिरने की संभावना बनती दिख रही है। इन जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। जबकि अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड के मौसम में वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि प्रदेश में मौसम का यह बदलाव 5 मई तक जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा है कि मौसम में बदलाव का विस्तार आगे भी जारी रह सकता है। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मुताबिक मई के मध्य में कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान वृद्धि हो सकती है। मौसम में बदलाव ने गर्मी से दी राहत इधर मौसम में आए इस बदलाव के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। राज्य के सभी जिलों का तापमान 40 डिग्री से कम रहा। बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। सिमडेगा में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 33.8 मिलीमीटर बारिश हुई है। अधिकतम तापमान वाले जिलों की बात करें तो रांची का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर का 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं पलामू का 38.0 डिग्री सेल्सियस, बोकारो का 34.1 डिग्री सेल्सियस, चतरा का 33.7 डिग्री सेल्सियस, हजारीबाग का 32.0 डिग्री सेल्सियस, लोहरदगा का 32.9 डिग्री सेल्सियस, गुमला का 34.1 डिग्री सेल्सियस और पाकुड़ का 33.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। जिलों का अधिकतम पारा सामान्य से कम मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट बता रही है कि मौसम में इस तरह के बदलाव से अप्रैल-मई महीने में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के नीचे पहुंच गया है। सभी जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रिकॉर्ड किया गया है। बोकारो का पारा सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम हो गया है। वहीं पलामू का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 2.9 डिग्री, जमशेदपुर का सामान्य से 5.8 डिग्री और रांची का तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस कम है। राजधानी का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस पिछले 24 घंटे में रहा है।


