झारखंड राज्य वीर शहीदों के संघर्ष और बलिदान से मिला:मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बोले- हमने लड़कर अलग राज्य लिया, एक और संघर्ष कर अधिकार लेंगे

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को पश्चिम सिंहभूम जिला के टोंटो स्थित सेरेंगसिया पहुंचे। उन्होंने शहीद स्मारक स्थल पर माल्यार्पण कर ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ 1837 विद्रोह के महानायकों को नमन किया। अमर वीर पोटो हो, बेड़ाई हो, पुंडुवा हो, बेराई हो, नारा हो, देवी हो और सुगनी हो को श्रद्धांजलि दी। सीएम ने कहा कि झारखंड राज्य वीर शहीदों के संघर्ष और बलिदान से मिला है। हमने लड़कर अलग राज्य लिया है। एक और लड़ाई लड़कर अपना अधिकार लेंगे। हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। कहा- केंद्र सरकार के बजट में झारखंड और आदिवासियों के लिए कुछ भी नहीं है। सालों से चल रही योजनाओं का नाम बदलकर हमारे बीच चलाया जा रहा है। शहीदों के सम्मान में झुके शीश सेंरेंगसिया घाटी में कोल विद्रोह में शहीद हुए आदिवासी लड़ाकों के सम्मान में रविवार को हजारों शीश झुके। सेंरेंगसिया घाटी शहीद स्मारक पर मौजूद आदिवासियों ने पारंपरिक परिधान में शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किया। इससे पहले सेरेंगसिया के दिऊरी नारायण लागुरी, दामु लागुरी ने आदिवासी हो रीति से पूजा की। आधी आबादी को बना रहे हैं सशक्त मुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 में आपके आशीर्वाद से एक बार फिर हमें मजबूत सरकार बनाने का मौका मिला। हमारी सरकार आधी आबादी को सशक्त और मजबूत बनाने के लिए हर महीने 15 अरब रुपए का प्रावधान किया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 4.12 अरब रुपए की 246 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। 54,946 लाभार्थियों के बीच 3 अरब 62 करोड़ 80 लाख 99 हजार रुपए की परिसंपत्तियों का वितरण किया और 135 युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *