झालावाड़ में 20 और 21 दिसंबर को आयोजित होने वाले अग्रवाल समाज के युवक-युवतियों के परिचय सम्मेलन को सफल बनाने के लिए झालावाड़ की एक टीम ने पड़ोसी जिले बारां में संपर्क अभियान चलाया। इस दो दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य अविवाहित युवक-युवतियों के लिए रिश्ते तय करने में सहयोग करना है। आयोजन से जुड़े महेंद्र अग्रवाल ने बताया कि परिषद के पदाधिकारी विभिन्न स्थानों का दौरा कर रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित गर्ग, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष यशवंत सिंघल और राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष पीयूष गर्ग ने जानकारी दी कि टीम परिचय सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज बंधुओं और स्थानीय अध्यक्षों से चर्चा कर रही है। यह अपनी तरह का पहला प्रयास है। कार्यक्रम संयोजक डॉ. सुरेंद्र गर्ग और महेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि टीम ने अकलेरा, असनावर, खानपुर का दौरा करने के बाद बारां जिले के बपावर कला, मोई कला, रामगंज मंडी, खैराबाद, सांगोद, भवानीमंडी और अंत में बारां शहर का दौरा किया। इस दौरान बारां श्री वैष्णव अग्रवाल पंचायत के अध्यक्ष अशोक बंसल, पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम गर्ग, संरक्षक अशोक कुमार गर्ग सर्राफ, हेमराज बंसल भंवरगढ़, कमलेश गोयल, विनोद गर्ग सर्राफ, सुरेश जैन और राहुल गोयल सहित कई प्रमुख समाज बंधुओं से भेंट की गई। टीम ने इन सभी से सम्मेलन के माध्यम से अविवाहित युवक-युवतियों के रिश्ते तय करने में सहयोग की अपील की। उन्होंने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक प्रविष्टियां दिलाने का आह्वान भी किया। सभी समाज बंधुओं ने इस आयोजन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।


