झालावाड़ के ललित वैष्णव को वैष्णव ब्राह्मण समाज कोटा संभाग की नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह घोषणा कोटा स्थित वैष्णव ब्राह्मण समाज भवन में आयोजित एक समारोह में की गई। इस नियुक्ति से झालावाड़ जिले को संभागीय स्तर पर महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। वरिष्ठ संरक्षक मंडल ने ललित वैष्णव को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नव नियुक्त संभागीय अध्यक्ष भुवनेश वैष्णव ने की। इस समारोह में कोटा, बूंदी और झालावाड़ जिलों से बड़ी संख्या में समाजबंधु शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ जगतगुरु रामानंदाचार्य के पूजन के साथ हुआ।
संतों और समाज के वरिष्ठजनों के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में संतों ने मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जो देर शाम तक चले। अपनी नियुक्ति के बाद ललित वैष्णव ने समाज के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि समाज भवनों के सुदृढ़ीकरण, विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जाएंगे।


