झालावाड़ के राजकीय जनाना अस्पताल के पालना गृह में बुधवार सुबह एक नवजात शिशु मिला। अज्ञात महिला उसे पालना गृह में छोड़कर चली गई थी। नवजात करीब 5 दिन का बताया जा रहा है। पालना गृह टीम को घंटी के माध्यम से सूचना मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर नवजात को सुरक्षित एनआईसीयू वार्ड में पहुंचाया। अस्पताल कर्मियों ने बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसकी सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों और बाल कल्याण समिति को दी गई। सूचना मिलने पर बाल कल्याण समिति की टीम झालावाड़ के जनाना अस्पताल पहुंची और बच्चे के संबंध में जानकारी ली।
समिति अध्यक्ष शिवराज सिंह हाड़ा ने बताया कि नवजात शिशु स्वस्थ है। उसे 4 दिन तक अस्पताल में रखा जाएगा, जिसके बाद समिति द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी। दिसंबर 2022 में भी मिला था शिशु
इस दौरान बाल कल्याण समिति की टीम में अध्यक्ष शिवराज सिंह हाड़ा के साथ कोऑर्डिनेटर दीपक गौतम, एडवोकेट गजेंद्र सेन, पूर्णिमा सिकरवार और बबली मीणा मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि इसी पालना गृह में 19 दिसंबर 2022 को भी एक शिशु बाल कल्याण समिति को अस्पताल के माध्यम से मिला था।


